लकड़ी की आड़ में शराब तस्करी का भंडाफोड़, मुंगेर में 297 लीटर विदेशी शराब जब्त, चालक गिरफ्तार
By Chandan Kumar।
मुंगेर: बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी का खेल थम नहीं रहा है। इसी कड़ी में मुंगेर उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 297.75 लीटर विदेशी शराब की खेप बरामद की है। तस्करों ने शराब को छिपाने के लिए नया तरीका अपनाया था और पिकअप वाहन में लकड़ी की गुंडी के बीच कार्टन छिपाकर ले जा रहे थे। इस मामले में पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
एप्रोच पथ-333 पर हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, मुंगेर उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड के देवघर से भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप पिकअप वाहन से खगड़िया जिले की ओर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही मद्यनिषेध विभाग की टीम अलर्ट हो गई।
शुक्रवार को टीम ने एप्रोच पथ-333 पर आईटीसी दूध फैक्ट्री के समीप विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई तो सभी हैरान रह गए। वाहन में ऊपर लकड़ी की गुंडिया लदी थीं, लेकिन जब लकड़ी हटाई गई तो उसके नीचे 33 कार्टन में छिपाकर रखी गई विदेशी शराब बरामद हुई। बरामद शराब की कुल मात्रा 297.75 लीटर बताई जा रही है।
बांका का रहने वाला है गिरफ्तार तस्कर
गिरफ्तार चालक की पहचान बांका जिले के खेसर थाना क्षेत्र के मैदान गांव निवासी छोटू कुमार के रूप में हुई है। मद्यनिषेध सहायक आयुक्त विकेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में चालक ने स्वीकार किया है कि शराब की यह खेप देवघर से लोड की गई थी। इसे खगड़िया के महेशखुंट स्थित एक ईंट-भट्ठे के पास दूसरे तस्कर को सौंपना था। वहां से इसे छोटे-छोटे हिस्सों में सप्लाई किया जाना था।
सहायक आयुक्त ने बताया कि चालक से मिली जानकारी के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की पहचान की जा रही है। वाहन के कागजात और मोबाइल कॉल डिटेल्स की भी जांच की जा रही है ताकि इस धंधे के बड़े सरगना तक पहुंचा जा सके।
टीम में ये रहे शामिल
इस सफल कार्रवाई में मद्यनिषेध निरीक्षक धर्मवीर कुमार, एएसआई सुजीत कुमार, स्मृति प्रिया, महेंद्र सिंह, विशाल कुमार और रविंद्र कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई के बाद शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।


0 टिप्पणियाँ